नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री और इमरान खान के करीबी नेता शेख रशीद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शेख रशीद कथित तौर पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक हाफिज सईद के साथ अपने संबंधों की बात करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की तारीख और जगह की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
‘OSINT TV’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में शेख रशीद कथित तौर पर खुद को हाफिज सईद का फॉलोवर और गुलाम बताते हुए नजर आ रहे हैं। वह यह दावा भी करते हैं कि अमेरिका से उन्हें इसलिए वापस भेजा गया था क्योंकि उनके फोन में हाफिज सईद का नंबर मिला था।
हाफिज सईद से कनेक्शन का पहले भी लगा आरोप
शेख रशीद के हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा से कथित संपर्क की बातें पहले भी सामने आती रही हैं। साल 2012 में अमेरिका के एक एयरपोर्ट पर उन्हें कुछ घंटों के लिए पूछताछ के लिए रोका गया था। उस समय मीडिया रिपोर्टों में उनके हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा से संभावित संबंधों का जिक्र किया गया था।
भारत के खिलाफ धमकी भरे बयान
वायरल वीडियो में शेख रशीद कथित तौर पर भारत के खिलाफ आक्रामक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। वह भारत के खिलाफ लड़ने वाले आतंकियों की तारीफ करते हैं और भारत को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते नजर आते हैं। वीडियो में वह दिल्ली के बिड़ला मंदिर का भी जिक्र करते हैं।
वीडियो में शेख रशीद के साथ कुछ ऐसे लोग भी दिखाई दे रहे हैं, जिनके लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन लोगों की पहचान और संगठन से उनके संबंधों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कौन है हाफिज सईद?
हाफिज सईद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है। भारत उसे 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता मानता है। लश्कर-ए-तैयबा पर भारत में कई आतंकी हमलों में शामिल होने के आरोप हैं।
भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2026 में भी हाफिज सईद के खिलाफ एक आतंकी हमले से जुड़े मामले में आरोप दाखिल किए हैं। पाकिस्तान में उसे आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है और वह 31 साल की सजा काट रहा है।
