सहारनपुर: सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के परिवार में राजनीतिक विवाद अब खुलकर सामने आता दिख रहा है। शनिवार को इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव के जरिए अपने रिश्तेदारों शादान मसूद और शायान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए। लंबे लाइव वीडियो के दौरान हमजा भावुक नजर आए और उन्होंने परिवार के भीतर चल रहे विवाद को लेकर कई दावे किए।
हमजा नोमान ने कहा कि उनके पिता पिछले सात दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं और परिवार ऑपरेशन थिएटर के बाहर परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मुश्किल समय में रिश्तेदारों की राजनीतिक बयानबाजी ने परिवार की परेशानी और बढ़ा दी है।
‘पांच साल से चुपचाप सहन कर रहे थे’
हमजा नोमान ने दावा किया कि वह करीब पांच साल से परिवार से जुड़ी कई बातें चुपचाप सहन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिता और बहन के सम्मान की वजह से उन्होंने अब तक सार्वजनिक रूप से कोई बात नहीं कही, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें अपनी बात रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने अपनी बहन के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और उसे घर से बाहर निकाले जाने के आरोप लगाए। हमजा ने दावा किया कि इस पूरे मामले से जुड़ी कई रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद हैं।
राजनीति और टिकट विवाद को लेकर लगाए आरोप
हमजा नोमान ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को राजनीतिक कारणों और टिकट से जुड़े विवाद के चलते कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने इस स्थिति की तुलना दहेज के लिए महिलाओं को प्रताड़ित किए जाने से करते हुए कहा कि उनकी बहन को राजनीति और टिकट की वजह से परेशान किया गया।
उन्होंने कहा कि परिवार ने करीब पांच साल तक सब कुछ सहन किया, लेकिन अब वह चुप नहीं रहेंगे।
एक वर्षीय बच्चे को लेकर भी किया दावा
हमजा नोमान ने अपनी बहन के एक वर्षीय बच्चे को लेकर भी गंभीर दावे किए। उन्होंने कहा कि बच्चा उनके और उनके परिवार का है और उसकी जिम्मेदारी वह खुद उठाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि बच्चे के लिए अब तक डायपर तक का पैसा नहीं दिया गया। हमजा ने कहा कि उनकी बहन अकेली नहीं है और भाई होने के नाते वह हमेशा उसके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बेटियां और बहनें केवल किसी एक परिवार की जिम्मेदारी नहीं होतीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी हैं।
‘राजनीतिक विरोधियों ने फोन कर हालचाल पूछा’
हमजा ने कहा कि उनके पिता की तबीयत खराब होने पर कई राजनीतिक लोगों और विरोधी खेमे से जुड़े लोगों ने फोन कर उनका हालचाल पूछा। उन्होंने चौधरी परिवार और फजुर रहमान समेत कई लोगों का जिक्र किया।
हमजा ने सवाल उठाया कि जब राजनीतिक विरोधी भी उनके पिता की तबीयत को लेकर चिंता जता रहे हैं, तो अपने ही रिश्तेदारों का इस तरह का व्यवहार समझ से परे है।
‘जरूरत पड़ी तो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करूंगा’
हमजा नोमान ने दावा किया कि उनके पास घर के भीतर की बातचीत और कथित बैठकों की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके परिवार और इमरान मसूद के खिलाफ कथित तौर पर साजिश और प्लानिंग की है।
उन्होंने दावा किया कि कुछ रिकॉर्डिंग में इमरान मसूद और उन्हें राजनीतिक रूप से रास्ते से हटाने की बातें होने की जानकारी है। साथ ही उन्होंने अपनी बहन के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार और धमकी से जुड़ी बातें रिकॉर्ड होने का भी दावा किया।
हमजा ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर वह इन वीडियो और रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक कर सकते हैं।
अखिलेश और डिंपल यादव का भी किया जिक्र
फेसबुक लाइव के दौरान हमजा नोमान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव का नाम लेते हुए भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली पार्टी में उनकी बहन के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों के बावजूद संबंधित व्यक्ति को पार्टी में शामिल कराया गया।
उन्होंने कहा कि इमरान मसूद की राजनीति और विरासत को लेकर किसी की राय अलग हो सकती है, लेकिन परिवार की महिलाओं के साथ कथित ज्यादती को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
शायान मसूद ने हाल ही में ज्वाइन की है सपा
बता दें कि हाल ही में शायान मसूद ने समाजवादी पार्टी (SP) का दामन थामा है। सपा में शामिल होने के बाद उन्होंने इमरान मसूद पर निशाना साधा था। शायान ने इमरान मसूद पर बीजेपी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था।
वहीं, अब हमजा नोमान के फेसबुक लाइव के बाद मसूद परिवार का यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हमजा ने लाइव के अंत में कहा कि उनके पिता बीमार हैं, बहन और भांजा परेशान हैं, लेकिन वह सब्र बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि इंसाफ अल्लाह करेगा और सहारनपुर की जनता से कहा कि अब फैसला जनता के हाथ में है।
