चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच बागपत में प्रशासन का एक्शन, जमाखोरी के खिलाफ चला चेकिंग अभियान

चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच बागपत में प्रशासन का एक्शन, जमाखोरी के खिलाफ चला चेकिंग अभियान

Spread the love

बागपत: देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच जमाखोरों और मुनाफाखोरों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रशासन ने चीनी की जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया है। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने व्यापारियों के गोदामों और दुकानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक की जांच की।

4 हजार क्विंटल क्षमता वाले गोदाम में मिला 750 बोरी चीनी का स्टॉक

एसडीएम और सीओ बागपत के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्टॉक की जांच की। चेकिंग के दौरान करीब 4 हजार क्विंटल क्षमता वाले एक गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां 750 बोरे चीनी का स्टॉक मिला।

प्रशासन ने संबंधित व्यापारी को नोटिस जारी करते हुए अगले 7 दिनों के भीतर चीनी के स्टॉक का पूरा विवरण सरकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।

Essential Commodities Act के तहत हो रही निगरानी

एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि सरकार ने Essential Commodities Act के तहत आवश्यक वस्तुओं के भंडारण और स्टॉक की निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत व्यापारी जरूरत और निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में आवश्यक वस्तुओं का भंडारण नहीं कर सकते।

उन्होंने बताया कि इसी व्यवस्था के तहत बागपत में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन अब तक दो स्टॉक की जांच कर चुका है। इनमें से एक व्यापारी को सरकारी पोर्टल पर स्टॉक की जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

जमाखोरी मिलने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान अगर किसी व्यापारी के यहां जमाखोरी या निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखना और बढ़ती कीमतों के बीच जमाखोरी पर रोक लगाना है।

लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतें

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से चीनी की कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। इसी बीच बागपत प्रशासन ने चीनी की जमाखोरी करने वाले विक्रेताओं और व्यापारियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

संबंधित पोस्ट