घर में बिस्तर पर मिला 27 साल की महिला का शव, पति फरार, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घर में बिस्तर पर मिला 27 साल की महिला का शव, पति फरार, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार सुबह शिवानी का शव घर के एक कमरे में बिस्तर पर मिला। घटना के बाद उसका पति यश ठाकुर फरार बताया जा रहा है। महिला के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

रात में पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा।

आरोप है कि बैग लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

सुबह कमरे में मिला महिला का शव

परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिवानी और यश के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार का दावा है कि यश कथित तौर पर शिवानी के साथ मारपीट भी करता था।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के चलते शिवानी पिछले दो-तीन महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोनों की दोस्ती

बताया गया कि शिवानी और यश की करीब डेढ़ से दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने लव मैरिज कर ली।

शादी के करीब डेढ़ साल के भीतर ही दोनों के रिश्ते में विवाद बढ़ने लगा। दोनों के कोई बच्चे नहीं थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार बताए जा रहे पति यश ठाकुर की तलाश कर रही है।

फिलहाल महिला की मौत हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संबंधित पोस्ट