नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘अर्पण केंद्र’ पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत लोग अपने पुराने लेकिन अच्छी स्थिति वाले कपड़े दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर बने विशेष दान केंद्रों में जमा कर सकते हैं।
इस अभियान की शुरुआत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन से की।
5 मेट्रो स्टेशनों पर शुरू हुई सुविधा
फिलहाल यह सुविधा दिल्ली के पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई है। यहां बनाए गए ‘अर्पण केंद्र’ पर लोग अपने उपयोग योग्य कपड़े आसानी से दान कर सकते हैं।
दान की प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बनाया गया है। केंद्र पर लगे QR Code को स्कैन करके दानकर्ता डिजिटल रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं।
जरूरतमंदों तक पहुंचेंगे कपड़े
इस पहल के तहत एकत्र किए गए कपड़ों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही यह अभियान रीसाइक्लिंग, कचरा कम करने और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगा।
दिल्ली मेट्रो का मानना है कि यह पहल समाज में सहयोग और साझा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की मदद का एक प्रभावी माध्यम बनेगी।
यदि आपके घर में ऐसे कपड़े हैं जो अब आपके उपयोग में नहीं हैं, लेकिन अच्छी स्थिति में हैं, तो आप उन्हें दिल्ली मेट्रो के ‘अर्पण केंद्र’ में दान कर इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
