नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बारिश का दौर जारी है और आज गुरुवार (3 सितंबर) को भी कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में 4 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।
अयानगर और पालम में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश भी हुई।
अयानगर में सबसे अधिक 69.7 मिमी और पालम में 68.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
IMD के अनुसार, गुरुवार (3 सितंबर) को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है।
दोपहर से शाम के बीच भी राजधानी के कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राजधानी के लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटों में बारिश के कारण दिल्ली के न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा।
गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
86 फीसदी तक पहुंची नमी
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिन के दौरान पूर्वी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।
इस दौरान नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा। न्यूनतम नमी करीब 73 फीसदी और अधिकतम नमी 86 फीसदी दर्ज की गई।
