नई दिल्ली: भाजपा के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। शनिवार देर रात राष्ट्रपति भवन की ओर से उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
दिनेश शर्मा की पत्नी जयलक्ष्मी शर्मा ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक मिली सभी जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाया है। उन्हें उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी को भी वह पूरी मेहनत, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
‘पूरा परिवार रात में इकट्ठा हुआ और खूब एन्जॉय किया’
जयलक्ष्मी शर्मा ने कहा, “वो अपनी जिम्मेदारियों को हमेशा से बहुत अच्छे से निभाते रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वो उतनी ही मेहनत, जिम्मेदारी और ईमानदारी से इस पद के लिए भी काम करेंगे। बहुत खुशी का माहौल है। पूरा परिवार रात में इकट्ठा हुआ और हम सबने खूब एन्जॉय किया।”
उन्होंने यह भी कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ कई चुनौतियां भी सामने होंगी। उनके मुताबिक, “ये जिम्मेदारी और चुनौतियां हम दोनों के ही सामने हैं।”
2023 में बने थे राज्यसभा सांसद
डॉ. दिनेश शर्मा वर्ष 2023 में राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। इससे पहले वह मार्च 2017 से वर्ष 2022 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रहे। उत्तर प्रदेश सरकार में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर भी रह चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़े और मिलनसार राजनेता के तौर पर जाना जाता है।
दो बार रहे लखनऊ के मेयर
राजनीति में सक्रिय होने से पहले दिनेश शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में भी लंबा समय बिताया। उन्होंने वर्ष 1988 में लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्यापन शुरू किया था। उनका अपना शिक्षण संस्थान भी है।
दिनेश शर्मा दो बार लखनऊ के महापौर चुने गए। पहली बार नवंबर 2006 में उन्होंने महापौर का चुनाव जीता, जबकि जुलाई 2012 में वह दूसरी बार इस पद पर निर्वाचित हुए।
ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
दिनेश शर्मा का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ। अगस्त 2014 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्हें गुजरात का प्रभारी बनाया गया।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद शुरू किए गए सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सौंपी गई थी।
अब अंडमान-निकोबार की जिम्मेदारी
दिनेश शर्मा को भाजपा के मौजूदा नेतृत्व के करीबी नेताओं में गिना जाता है। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री के रूप में लंबे राजनीतिक एवं प्रशासनिक अनुभव के बाद अब उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है।
नई भूमिका में उनके सामने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ द्वीप समूह के विकास और केंद्र सरकार की नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने की चुनौती होगी।
