कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक अनोखे ऑफर ने देर रात अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। अनवरगंज थाना क्षेत्र के आलम मार्केट में ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने का प्रचार तेजी से वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11:59 बजे आलम मार्ट के बाहर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर वहां से हटाया।
जन्मदिन पर घोषित किया गया था ऑफर
पुलिस के मुताबिक, आलम मार्ट के संचालक की ओर से सोशल मीडिया पर ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने वाली सेल का प्रचार किया गया था। बताया जा रहा है कि कपड़ा व्यापारी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर यह ऑफर घोषित किया था।
ऑफर का मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आलम मार्केट पहुंच गए। देखते ही देखते मार्केट के बाहर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, देर रात आलम मार्केट में बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद अनवरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से हटाया। पुलिस का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान न तो किसी तरह का बल प्रयोग किया गया और न ही लाठीचार्ज किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई विशेष समस्या नहीं है। देर रात पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर के चौराहों और प्रमुख स्थानों पर चेकिंग और गश्त की जा रही थी। इसी दौरान आलम मार्केट में भीड़ की सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
