लंदन: इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने खेल भावना और अंपायरिंग को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में एक फील्डर पर आरोप है कि उसने उंगली चटकाकर ऐसी आवाज पैदा की, जिससे अंपायर को लगा कि गेंद बल्ले का किनारा छूकर विकेटकीपर के पास गई है। इसके बाद बल्लेबाज को आउट दे दिया गया।
मामला सामने आने के बाद नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग (NYSD) ने इसकी जांच शुरू कर दी है। घटना के वायरल होने के बाद स्थानीय भारतीय रेस्तरां ‘स्पाइसेस’ (Spices) ने भी संबंधित टीम के साथ अपनी स्पॉन्सरशिप वापस लेने का फैसला किया है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फील्डर बल्लेबाज के काफी करीब खड़ा है। जैसे ही गेंद बल्ले के पास पहुंचती है, वह उंगली चटकाकर ऐसी आवाज निकालता है जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि गेंद बल्ले से लगकर निकली है। इस आवाज के आधार पर अपील की जाती है और अंपायर बल्लेबाज को आउट करार दे देते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसी घटना एक से अधिक बार हुई और कई बल्लेबाज इसी तरह कैच आउट दिए गए। इससे मैच की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं।
कप्तान ने लगाए गंभीर आरोप
मिडिल्सब्रा क्रिकेट क्लब की दूसरी टीम के कप्तान ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और इससे युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल भावना पर नकारात्मक असर पड़ा है।
वहीं, ‘द सन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विरोधी टीम के एक खिलाड़ी ने दावा किया कि मैच में उनकी टीम के तीन बल्लेबाजों को विकेट के पीछे कैच आउट दिया गया, जबकि खिलाड़ियों का मानना था कि गेंद बल्ले से लगी ही नहीं थी।
पियर्स मॉर्गन की भी प्रतिक्रिया
ब्रिटिश टीवी होस्ट पियर्स मॉर्गन ने इस घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “अविश्वसनीय! ‘क्लिकी पोंटिंग’ क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा धोखेबाज़ हो सकता है।”
फिलहाल लीग की जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
