शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार शाम की बताई जा रही है। अंकित शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक जिम से एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।

गोली लगने के बाद अंकित को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटे की हत्या के बाद धरने पर पिता

अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके पिता सत्यवीर सिंह प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि उनके बेटे की हत्या करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उनके सामने लाया जाए।

सत्यवीर सिंह ने कहा कि उनकी सिर्फ इतनी मांग है कि जिसने उनके बेटे की हत्या की है, उसे उनके सामने लाया जाए। जब तक आरोपी सामने नहीं आता, उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

पिता बोले- बेटे का किसी से कोई विवाद नहीं था

अंकित के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे का किसी व्यक्ति से कोई खास संपर्क या उठना-बैठना नहीं था। उन्होंने कहा कि अंकित हरियाणा में रहकर काम कर रहा था और बाहर उसका कोई विशेष संपर्क नहीं था।

उन्होंने यह भी बताया कि एक कमेटी थी, जो अंकित से बातचीत करती थी, लेकिन परिवार को उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

दो बाइक पर आए थे चार हमलावर

शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस को शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि जिम से निकलने के दौरान अंकित बालियान को गोली मारी गई है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि चार हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात वाली जगह से दो-तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

सोनीपत विवाद से जुड़ सकता है हत्या का मामला

पुलिस की पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि अंकित बालियान पहले सोनीपत में रहकर गाने बनाते थे। वहां किसी विवाद के बाद वह शामली आ गए थे।

इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि हत्या का संबंध हरियाणा और सोनीपत से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और हरियाणा पुलिस के संपर्क में है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित

पुलिस का कहना है कि घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान की जांच जारी है।

पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूत और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

संबंधित पोस्ट