नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग इलाके में दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के आभूषणों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर सोने और हीरे के कीमती गहनों से भरे तीन बैग और एक सूटकेस पर हाथ साफ कर दिया।
कार का शीशा तोड़कर चोरी किया सामान
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी कन्हैया लाल ‘SKG Kundan Crafts’ नाम से आभूषण का कारोबार करते हैं। वह 18 अगस्त को अपने बेटे ध्रुव सोनी और एक स्टाफ कर्मचारी के साथ व्यावसायिक काम से दिल्ली पहुंचे थे। उनके पास तीन बैकपैक और एक सूटकेस था, जिनमें सोने-हीरे के महंगे जेवर, लैपटॉप और आधार कार्ड रखा था।
19 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे कारोबारी ने अपनी कार करोल बाग स्थित आर्य समाज रोड पर कनरा बैंक के सामने पार्क की थी।
कुछ ही देर में गायब हो गए बैग और सूटकेस
कारोबारी, उनका बेटा और कर्मचारी पास के एक रेस्तरां में खाना खाने चले गए। करीब 7:15 बजे जब वे वापस लौटे तो कार का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला। कार के अंदर रखे तीन बैकपैक और कपड़ों वाला सूटकेस गायब था।पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में बड़ी मात्रा में सोने और हीरे के आभूषण शामिल थे। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
