केरल: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार आठ छात्रों की मौत हो गई। दुर्घटना कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई।
रात करीब 11:40 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार गुरुवायूर की ओर से आ रही थी और कोडुंगल्लूर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पनम्बिकुन्नु इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़ी लॉरी से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि सभी आठ शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक राहत और बचाव का काम जारी रहा।
तमिलनाडु के रहने वाले थे सभी मृतक
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार तमिलनाडु में पंजीकृत थी। शुरुआती जानकारी के आधार पर हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले और छात्र बताए जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान और उनकी पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
हादसे की वजह की जांच जारी
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से किस वजह से टकराई। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भीषण हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
