नई दिल्ली: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद शनिवार को पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं। बैठक को लेकर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय के आसपास नई टीम में शामिल पदाधिकारियों के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, Gen-Z से संवाद, सोशल मीडिया पर पार्टी की सक्रियता और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
दिल्ली में होंगी तीन अहम बैठकें
शनिवार को बीजेपी की दिल्ली में कुल तीन महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। पहली बैठक में नई राष्ट्रीय टीम के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। दूसरी बैठक ‘Modi@25’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर होगी, जबकि तीसरी बैठक में संगठन की रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
पहली बैठक में नई टीम का होगा परिचय
शनिवार को पहली बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसमें 17 अगस्त को घोषित नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा।
नई टीम में संगठन के अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज, उनकी जिम्मेदारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
‘Modi@25’ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
दिन की दूसरी अहम बैठक में ‘Modi@25’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कुल 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
बैठक में देशभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, लोगों तक पहुंच बनाने के तरीकों और विभिन्न अभियानों की समयसीमा को लेकर चर्चा हो सकती है।
शाम की बैठक में अमित शाह कर सकते हैं संबोधित
दिन की तीसरी बैठक शाम 6 बजे से होगी। इसमें बीजेपी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक को संबोधित कर सकते हैं।
इस बैठक में Gen-Z, महिलाओं से जुड़े मुद्दे, सोशल मीडिया पर सक्रियता, संगठन को मजबूत करने की रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
2027 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव
साल 2027 में गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों की मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल समाप्त होने वाला है, जिसके बाद नई विधानसभा के गठन के लिए चुनाव कराए जाएंगे।
ऐसे में बीजेपी की बैठक में इन राज्यों में संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नितिन नवीन की नई टीम में कई बड़े चेहरे
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान 17 अगस्त को किया गया था। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम के साथ होने वाली इन बैठकों को बीजेपी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
