कपिल देव फिर इमरान खान के समर्थन में उतरे, बोले- ‘कैदी चाहे कोई भी हो

कपिल देव फिर इमरान खान के समर्थन में उतरे, बोले- ‘कैदी चाहे कोई भी हो

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव एक बार फिर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान के समर्थन में सामने आए हैं। कपिल देव ने इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार करने और उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज व बुनियादी सुविधाएं देने की अपील की है।

इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर हाल ही में 21 दिग्गज क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर चिंता जताई थी। अब कपिल देव ने भी इमरान खान के प्रति अपनी चिंता जाहिर की है।

‘कैदी चाहे कोई भी हो, उसके साथ विनम्र होना चाहिए’

एक गोल्फ टूर्नामेंट के लॉन्च इवेंट में कपिल देव ने इमरान खान को लेकर कहा, “मुझे वहां का कानून नहीं पता है, लेकिन कैदी चाहे कोई भी हो, उसके साथ विनम्र होना चाहिए और बुनियादी सुविधाएं देनी चाहिए। वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री रहे हैं और दुनिया के वर्ल्ड-क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं।”

कपिल देव ने आगे कहा कि उनकी सिर्फ यही इच्छा है कि इमरान खान को बेहतर से बेहतर ट्रीटमेंट मिले। उन्होंने इसे अपनी एक छोटी सी रिक्वेस्ट बताया।

पाकिस्तानी क्रिकेटरों को दोषी नहीं मानते कपिल

इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पाकिस्तान के मौजूदा क्रिकेटरों की ओर से ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं आने पर भी कपिल देव ने बात रखी। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तानी क्रिकेटरों को इसके लिए दोषी नहीं मानते।

कपिल ने कहा, “वे वहां रह रहे हैं और मैं उन्हें इसका दोषी नहीं मानता हूं। हम बाहर से सब देख रहे हैं। मैं अपने उस साथी के लिए सपोर्ट दिखाना चाहूंगा, जिसके साथ मैं खेला हूं।”

गौरतलब है कि वसीम अकरम और वकार यूनुस के अलावा किसी अन्य प्रमुख पाकिस्तानी क्रिकेटर की ओर से इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर सार्वजनिक तौर पर ज्यादा प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

21 दिग्गज क्रिकेटरों ने शहबाज शरीफ को लिखी थी चिट्ठी

इससे पहले कपिल देव समेत दुनिया के 21 दिग्गज क्रिकेटरों ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखा था।

इस पत्र में सुनील गावस्कर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, स्टीव वॉ, जॉन राइट, क्लाइव लॉयड और अर्जुन रणतुंगा जैसे पूर्व क्रिकेटर भी शामिल थे। सभी ने इमरान खान के स्वास्थ्य और उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।

2022 में प्रधानमंत्री पद से हटे थे इमरान खान

इमरान खान साल 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे। प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद से ही वह जेल में बंद हैं। उन पर भ्रष्टाचार समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

फिलहाल इमरान खान रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

कपिल देव और अन्य दिग्गज क्रिकेटरों की अपील के बाद एक बार फिर इमरान खान की स्थिति और उनके साथ जेल में किए जा रहे व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

संबंधित पोस्ट