चेन्नई: कन्नड़ सुपरस्टार यश इन दिनों अपनी मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और इसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में ‘टॉक्सिक’ की टीम चेन्नई पहुंची, जहां यश ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलापति विजय की जमकर तारीफ की।
यश ने विजय के अनुशासन और कमिटमेंट की तारीफ की
चेन्नई में आयोजित ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशनल इवेंट के दौरान यश ने विजय का जिक्र करते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और लोगों के प्रति कमिटमेंट की तारीफ की।
यश ने कहा, “मैं हमेशा कहता रहा हूं कि उनसे हमने बहुत कुछ सीखने को मिला है। उनके कमिटमेंट और लोगों से मिले प्यार की हम तारीफ करते रहे हैं और ये अब साफ तौर पर दिख भी रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता ने विजय को एक नई जिम्मेदारी और जगह दी है। यश के मुताबिक, “हम खुश हैं कि ये एक नया ट्रेंड शुरू हो चुका है। वो बेहद अनुशासित और समर्पित हैं। लोग उन पर विश्वास जताते हैं।”
विजय की नई राजनीतिक पारी पर बोले यश
यश ने विजय की राजनीतिक पारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विजय को जनता से जो जिम्मेदारी मिली है, वह उसे अच्छी तरह निभा रहे हैं।
थलापति विजय तमिल सिनेमा के बड़े सुपरस्टार रहे हैं। फिल्मों में शानदार करियर के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपनी पार्टी TVKके जरिए तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय हुए।
‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को दुनियाभर में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया, नयनतारा और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है। एडवांस बुकिंग को मिल रहे रिस्पॉन्स को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बना सकती है।
