नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया है। जैन पर दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की टेंडर प्रक्रिया में कथित हेरफेर से जुड़े आरोप हैं। इससे पहले भी वह करीब 18 महीने जेल में रह चुके हैं।
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि जैन की गिरफ्तारी की पहले कोई योजना नहीं थी और कथित तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फोन के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
केजरीवाल का दावा- ‘अमित शाह के फोन के बाद हुई गिरफ्तारी’
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि एक ACB अधिकारी ने उन्हें बताया कि सुबह तक सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने का कोई प्लान नहीं था।
केजरीवाल ने लिखा, “ACB के एक अधिकारी ने बताया, सुबह तक ACB का सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने का कोई प्लान नहीं था। फिर दोपहर में अमित शाह का सीधे फोन आया कि गिरफ्तार कर लो। तब गिरफ्तार किया।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि अब गिरफ्तारी इस आधार पर नहीं हो रही कि किसी ने अपराध किया है या नहीं, बल्कि यह देखा जा रहा है कि किसे गिरफ्तार करना है।
‘AAP को दबाने के लिए गिरफ्तारी’
केजरीवाल ने अपनी एक अन्य पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी का मकसद आम आदमी पार्टी को दबाना है।
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए “साम-दाम-दंड-भेद” का इस्तेमाल कर रही है। केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन समेत AAP नेताओं की गिरफ्तारियों का भी जिक्र किया।
संजय सिंह ने पंजाब चुनाव से जोड़ा मामला
AAP सांसद संजय सिंह ने भी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अभी पंजाब में चुनाव होने हैं और बीजेपी को वहां हार का डर है।
संजय सिंह के मुताबिक, सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं और वहां संगठन निर्माण के काम में जुटे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उन्हें पुराने मामले में फंसाया जा रहा है।
संजय सिंह ने इसे “फर्जी, बेबुनियाद और झूठा मामला” बताते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि जैन पहले भी बाइज्जत बरी हुए हैं और आगे भी बरी होंगे।
DJB टेंडर प्रक्रिया में कथित हेरफेर का मामला
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी दिल्ली जल बोर्ड में टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में हुई है। ACB की कार्रवाई के बाद इस मामले को लेकर दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
AAP नेताओं ने गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताया है, जबकि जैन के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच एजेंसी की ओर से की जा रही है।
