मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती, दाएं हाथ की हुई सर्जरी

मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती, दाएं हाथ की हुई सर्जरी

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती हैं। उनके दाएं हाथ (Right Hand) में समस्या के चलते उन्हें कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सफल सर्जरी की गई। उनकी तबीयत की खबर सामने आने के बाद देशभर में उनके प्रशंसकों के बीच चिंता का माहौल है।

दाएं हाथ की हुई सर्जरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि 74 वर्षीय अभिनेता के दाएं हाथ की समस्या के इलाज के लिए ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों और सर्जनों की विशेष टीम ने एक छोटी सर्जरी की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और उनकी हालत स्थिर है।

सुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात

मिथुन चक्रवर्ती के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और अभिनेता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने इलाज कर रही मेडिकल टीम से भी बातचीत कर सर्जरी और स्वास्थ्य की जानकारी ली।

अस्पताल से सामने आई उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं।

सुवेंदु अधिकारी ने दिया हेल्थ अपडेट

मीडिया से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी सफल रही है और उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है।

उन्होंने कहा, “कल रात मिथुन चक्रवर्ती का एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ। उन्होंने मुझे और सामिक भट्टाचार्य को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन वह नहीं चाहते थे कि यह बात सार्वजनिक हो। वह पूरी तरह ठीक हैं और उम्मीद है कि शाम तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।”

मिथुन चक्रवर्ती के स्वास्थ्य को लेकर आए इस अपडेट के बाद उनके प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

संबंधित पोस्ट