यूपी में मानसून हुआ एक्टिव: आज 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून हुआ एक्टिव: आज 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Spread the love

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण कई इलाकों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

सोनभद्र में सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो सबसे अधिक 70 मिमी वर्षा सोनभद्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ललितपुर में 69 मिमी, प्रयागराज में 58 मिमी और मिर्जापुर में 50 मिमी बारिश हुई। वहीं बरेली, बिजनौर, रामपुर, सहारनपुर, शामली, मेरठ और पीलीभीत समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

आज इन 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और फिरोजाबाद समेत कुल 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

10 जुलाई तक पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 10 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी मानसूनी बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है, लेकिन 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने के संकेत हैं।

तापमान में और आएगी गिरावट

मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।

लखनऊ का मौसम भी सुहाना

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। शहर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जुलाई तक राजधानी में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *