अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि: राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी समेत देशभर ने दी श्रद्धांजलि

अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि: राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी समेत देशभर ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love

नई दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को पूरा देश उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। राजधानी दिल्ली स्थित उनके समाधि स्थल ‘सदैव अटल’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने अटल जी को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, नेतृत्व और सुशासन की भावना आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करती रहेगी।

कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अटल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया।

भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे वाजपेयी

अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के सबसे सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं। वे तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकाल 1996 में 13 दिनों का था, जबकि 1998-99 में उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। इसके बाद 1999 से 2004 तक उन्होंने पूर्ण कार्यकाल पूरा किया।

कवि, वक्ता और दूरदर्शी नेता के रूप में मिली पहचान

अटल बिहारी वाजपेयी को एक प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता के रूप में याद किया जाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर वैश्विक स्तर पर अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया। उनकी सरकार के दौरान स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजनाजैसी ऐतिहासिक आधारभूत संरचना योजनाओं को भी गति मिली। वर्ष 2015 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

संबंधित पोस्ट