मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान की तीसरी प्रेग्नेंसी की खबरों ने पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। एक्ट्रेस का एक वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने उनके लुक को देखकर प्रेग्नेंसी के कयास लगाने शुरू कर दिए थे। हालांकि, बाद में करीना कपूर की टीम ने साफ कर दिया कि वह प्रेग्नेंट नहीं हैं।
अब इस पूरे मामले पर करीना की ननद और सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लोगों से बिना पुष्टि के अटकलें लगाने से बचने की अपील की।
सबा पटौदी ने क्या कहा?
सबा पटौदी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर करीना कपूर की जिम सेशन के बाद की तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “एक खराब एंगल… या खराब हेयर डे। हर कोई इतनी बड़ी गलतफहमी कैसे पाल सकता है।”
सबा ने आगे कहा कि करीना एयरपोर्ट से निकलते समय स्टाइलिश, क्लासी और स्लिम नजर आ रही थीं, जबकि जिम से बाहर निकलते हुए उनका लुक अलग था। उन्होंने कहा कि सिर्फ इसी आधार पर प्रेग्नेंसी की अटकलें लगाना सही नहीं है।
सबा ने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि वह खुद अपनी बहन सोहा अली खान को दूसरे बच्चे के लिए मनाने की कोशिश कर रही हैं और काश यह बात सच होती। इसके बाद उन्होंने कहा कि कुछ बातें निजी रहने देनी चाहिए और किसी तरह की अटकलों की जरूरत नहीं है।
जिम वीडियो से शुरू हुई थीं प्रेग्नेंसी की अफवाहें
दरअसल, करीना कपूर को शुक्रवार को जिम के बाहर स्पॉट किया गया था। पैपराजी द्वारा रिकॉर्ड किया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स ने उनके लुक को नोटिस किया और उनके बेबी बंप को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए।
इसके बाद करीना की तीसरी प्रेग्नेंसी की खबरें तेजी से सोशल मीडिया पर फैलने लगीं। हालांकि, बाद में उनकी टीम ने इन खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि करीना कपूर प्रेग्नेंट नहीं हैं।
दो बेटों के माता-पिता हैं करीना और सैफ
करीना कपूर और सैफ अली खान ने अक्टूबर 2012 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे तैमूर अली खान का जन्म 2016 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे जहांगीर अली खान (जेह) का जन्म 2021 में हुआ।
करीना अक्सर सोशल मीडिया पर सैफ और अपने दोनों बच्चों के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं।
‘दायरा’ को लेकर चर्चा में करीना कपूर
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसका निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं।
फिल्म में प्रगति मिश्रा, जावेद खान राजा, उपेंद्र चौहान और प्रमोद सांघी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
