नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनका Instagram अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने एक वीडियो जारी कर META से जवाब मांगा है।
केजरीवाल का कहना है कि उन्होंने कई बार META से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि उनका अकाउंट किस कारण से ब्लॉक किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अकाउंट दोबारा चालू कराने की प्रक्रिया के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई।
AAP प्रमुख ने दावा किया कि उन्हें नोटिस मिला है जिसमें उनके अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले कई अकाउंट्स पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इस दावे पर META या संबंधित सरकारी एजेंसियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और लोग META की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।
