नई दिल्ली: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा के लिए बेहद खास साबित हो रही है। कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक लगाने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया है।
सोनल दिनुषा ने भारत के खिलाफ अपनी पहली चार टेस्ट पारियों में लगातार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। क्रिकेट इतिहास में 1959 के बाद पहली बार किसी बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ अपनी शुरुआती चार टेस्ट पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।
भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले पांचवें बल्लेबाज
सोनल दिनुषा भारत के खिलाफ अपनी पहली चार टेस्ट पारियों में 50+ स्कोर करने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। वह श्रीलंका के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह कारनामा किया है।
इस सीरीज में सोनल अब तक 100, 84 और 103 रन की पारियां खेल चुके हैं। कोलंबो टेस्ट की दूसरी पारी में भी उन्होंने अर्धशतक पूरा कर लिया है।
1959 में केन बैरिंगटन ने किया था कारनामा
आखिरी बार 1959 में इंग्लैंड के केन बैरिंगटन ने भारत के खिलाफ अपनी पहली चार टेस्ट पारियों में 50+ स्कोर बनाया था।
इससे पहले 1948 में वेस्टइंडीज के क्लाइड वॉलकॉट और एवर्टन वीक्स ने भी भारत के खिलाफ अपनी शुरुआती चार पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं डगलस जार्डीन ने 1932-34 के दौरान यह उपलब्धि हासिल की थी।
एवर्टन वीक्स और क्लाइड वॉलकॉट के आंकड़े इस रिकॉर्ड में खास हैं, क्योंकि उन्होंने भारत के खिलाफ लगातार पांच पारियों में 50+ स्कोर बनाया था।
2026 में 500 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
सोनल दिनुषा ने साल 2026 में टेस्ट क्रिकेट में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बनने की उपलब्धि भी हासिल की है। इस साल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 434 रन के साथ उनके पीछे हैं।
कोलंबो टेस्ट की दूसरी पारी में अर्धशतक पूरा करने तक सोनल दिनुषा इस सीरीज में 337 रन बना चुके हैं। उनके नाम सीरीज में अब तक दो शतक और दो अर्धशतक हैं।
कोलंबो टेस्ट में क्या रहा मैच का हाल?
कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन स्टंप्स तक श्रीलंका ने छह विकेट खोकर 229 रन बना लिए थे। पांचवें दिन के पहले सेशन में केशरा नुवंता और सोनल दिनुषा ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया।
पांचवें दिन भारतीय गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। इससे पहले चौथे दिन बारिश के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा था। बारिश से पहले श्रीलंका ने महज 40 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए थे।
