मुंबई: साउथ इंडियन सिनेमा के दर्शकों के लिए यह सप्ताह बेहद खास रहने वाला है। 7 अगस्त 2026 को एक-दो नहीं बल्कि 14 साउथ फिल्मेंसिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। इन फिल्मों में हॉरर-कॉमेडी, रोमांटिक ड्रामा, फैमिली एंटरटेनर और एक्शन फिल्मों का मिश्रण देखने को मिलेगा।
अगर आप इस सप्ताह थिएटर में नई फिल्म देखने की योजना बना रहे हैं, तो यहां रिलीज होने वाली कुछ प्रमुख फिल्मों की जानकारी दी गई है।
‘कोरियन कनकराजु’
निर्देशक मेरलापाका गांधी की इस तेलुगु हॉरर-कॉमेडी फिल्म में वरुण तेज कोनिडेला, रितिका नायक, सत्या और सुनील मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘विवाह’
मलयालम भाषा की फैमिली ड्रामा फिल्म ‘विवाह’ चार महिलाओं की जिंदगी, उनके रिश्तों और भावनात्मक सफर पर आधारित है। फिल्म में ध्यान श्रीनिवासन, अभिषेक श्रीकुमार, ध्रुवन, नयना एल्जा, अनीश गोपाल और श्रुति जयन अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन ब्लेसन एल्सा ने किया है।
सतीश निनासम स्टारर कन्नड़ फिल्म
निर्देशक एस. महेश कुमार की इस कन्नड़ रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म में सतीश निनासम, रचिता राम, रविशंकर पी, साधु कोकिला और शिवराज केआर पीट मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म भी 7 अगस्त को रिलीज होगी।
‘अम्मा नाकु आ अब्बायि कावाली’
निर्देशक सिवाला प्रभाकर की इस तेलुगु रोमांटिक ड्रामा फिल्म में पवन महावीर, पासम वर्षिका, सुहाना मुदवारी, सुमन तलवार, राव रमेश और राजीव कनाकला अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘केजेक्यू’
निर्देशक सुधाकर चेरुकुरी की इस कन्नड़ एक्शन ड्रामा फिल्म में दीक्षित शेट्टी, शशि ओडेला और युक्ति थरेजा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म भी 7 अगस्त को थिएटर में रिलीज होगी।
इनके अलावा भी कई तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्में इसी दिन बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही हैं, जिससे साउथ सिनेमा के दर्शकों के लिए यह सप्ताह मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है।
