मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की है। इस पोस्ट में सनी देओल अपनी मां के साथ खास बॉन्ड शेयर करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ अभिनेता ने एक इमोशनल गाना भी शेयर किया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
मां के साथ सनी देओल की प्यारी बॉन्डिंग
सनी देओल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो फैंस के साथ शेयर करते हैं। अब उन्होंने अपनी मां के साथ एक खास पोस्ट साझा की है।
तस्वीर में सनी देओल अपनी मां के गले लगे हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी मां उन्हें गाल पर किस करती दिखाई दे रही हैं। मां-बेटे की इस प्यारी बॉन्डिंग ने फैंस का दिल जीत लिया है। पोस्ट के कैप्शन में सनी ने सिर्फ ‘लव पीस’ लिखा है।
पोस्ट के साथ शेयर किया इमोशनल गाना
सनी देओल ने इस तस्वीर के साथ एक खूबसूरत गाना भी एडिट किया है। गाने के बोल ‘मां का मन एक बड़ा समंदर…’ हैं, जो मां-बेटे के रिश्ते की भावनाओं को बखूबी बयां करते हैं।
इस गाने को विशाल मिश्रा ने गाया और कंपोज किया है, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। सनी की पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं और मां के साथ उनके रिश्ते की तारीफ कर रहे हैं।
‘बंटवारा 1947’ नहीं कर पाई बजट की भरपाई
सनी देओल को आखिरी बार फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में देखा गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 20 दिनों में दुनियाभर में करीब 54.16 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 38.04 करोड़ रुपये और ओवरसीज कलेक्शन 9.05 करोड़ रुपये रहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया गया था। ऐसे में फिल्म अपनी लागत निकालने में भी कामयाब नहीं हो पाई।
‘रामायण पार्ट 1’ में हनुमान बनेंगे सनी देओल
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल के पास इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इनमें ‘रामायण पार्ट 1’ सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को दिवाली के मौके पर 6 नवंबर को रिलीज किए जाने की बात कही गई है।
इसके अलावा सनी देओल के पास ‘गबरू’, ‘बाप’, ‘गदर 3’, ‘जाट 2’, ‘एंटनी’ और ‘घातक 2’ जैसी फिल्में भी हैं। ‘एंटनी’ के लिए अभिनेता शूटिंग शुरू कर चुके हैं। ऐसे में आने वाले समय में सनी देओल कई बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
