वाराणसी: वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार, 16 अगस्त 2026 को हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में एयरपोर्ट पर तैनात दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मुंबई जाने वाली फ्लाइट के यात्री से जुड़ी घटना
वाराणसी एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। मुंबई जाने वाली IX-1810 फ्लाइट से यात्रा करने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचा था।
बताया गया कि यात्री ने विमान में ले जाने वाले हथियार की पहले से घोषणा की थी। हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे वहां मौजूद दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हो गए।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा प्रक्रिया सक्रिय की गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
