मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली लंबे समय से लंदन में रह रहे हैं। दोनों अपने बच्चों वामिका और अकाय के साथ विदेश में एक शांत और निजी जिंदगी बिताना चाहते हैं। अब माधुरी दीक्षित के पति और डॉक्टर-एंटरप्रेन्योर श्रीराम नेने ने अनुष्का शर्मा के साथ साल 2025 में हुई बातचीत को याद करते हुए कपल के लंदन जाने की वजह पर बात की है।
यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ बातचीत में डॉ. श्रीराम नेने ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि वह क्रिकेटर की काफी रिस्पेक्ट करते हैं। उन्होंने बताया कि वह विराट और अनुष्का से कई बार मिल चुके हैं और दोनों उन्हें अच्छे इंसान लगते हैं।
‘अपनी सक्सेस को एंजॉय नहीं कर पा रहे थे’
श्रीराम नेने ने अनुष्का के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए बताया कि दोनों लंदन जाने के बारे में सोच रहे थे, क्योंकि भारत में मिली अपनी सफलता और लोकप्रियता के बीच वे सामान्य जिंदगी का आनंद नहीं ले पा रहे थे।
उनके मुताबिक, विराट और अनुष्का जो भी करते हैं, उस पर लोगों की नजर रहती है। ऐसे में उनके लिए रोजमर्रा की जिंदगी के सामान्य पल भी आसान नहीं रह जाते।
हर जगह सेल्फी की डिमांड बन जाती है मुश्किल
डॉ. नेने ने सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी में लगातार होने वाली दखल का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि लोगों का सेल्फी के लिए आना अपने आप में बुरा नहीं है, लेकिन कई बार यह दखलंदाजी जैसा महसूस होने लगता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई सेलिब्रिटी लंच या डिनर कर रहा हो, तब भी उसे लोगों के साथ शालीनता बनाए रखनी पड़ती है। ऐसी परिस्थितियां परिवार के लिए मुश्किल पैदा कर सकती हैं।
बच्चों को नॉर्मल तरीके से बड़ा करना चाहते हैं विराट-अनुष्का
श्रीराम नेने के मुताबिक, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपने बच्चों की परवरिश एक सामान्य माहौल में करना चाहते हैं। लगातार मीडिया और लोगों की नजरों में रहने के बजाय वे अपने परिवार को ज्यादा निजी और शांत जिंदगी देना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विराट और अनुष्का बहुत अच्छे लोग हैं और उनका फोकस अपने बच्चों को सामान्य तरीके से बड़ा करने पर है।
2017 में हुई थी विराट-अनुष्का की शादी
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने दिसंबर 2017 में इटली में एक निजी समारोह में शादी की थी। साल 2021 में दोनों बेटी वामिका के माता-पिता बने, जबकि 2024 में उनके बेटे अकाय का जन्म हुआ।
अनुष्का शर्मा साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘जीरो’ के बाद से बड़े पर्दे से दूर हैं। उन्होंने ‘चकदा एक्सप्रेस’ की शूटिंग पूरी की थी, लेकिन यह फिल्म अभी तक रिलीज नहीं हुई है। इसके अलावा उन्होंने 2022 में अपनी प्रोडक्शन कंपनी क्लीन स्लेट फिल्म्ज से भी दूरी बना ली थी।
