मयूर विहार फेस-3 में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

मयूर विहार फेस-3 में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में रविवार, 6 सितंबर की सुबह एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मयूर विहार फेस-3 इलाके में हुई, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई हत्या की वारदात

पुलिस को हत्या से जुड़ा CCTV फुटेज मिला है। फुटेज में दो लोग दीवार के पीछे एक व्यक्ति पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों आरोपी युवक को बुरी तरह लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

घटना के समय को लेकर जांच जारी

CCTV रिकॉर्डिंग के मुताबिक, वारदात करीब सुबह 3:30 बजे की बताई जा रही है। वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना को करीब 4 से 4:30 बजे के बीच देखने की बात कही है।

घटना के समय को लेकर करीब एक घंटे का अंतर सामने आने के बाद पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरी टाइमलाइन तैयार कर रही है।

सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को दी सूचना

मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे दो युवक एक व्यक्ति को लकड़ी से पीट रहे थे। उन्होंने आरोपियों को रोकने और मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों में से एक ने उन्हें धमकी दी।

इसके बाद नंदलाल वहां से हट गए और PCR कॉल के जरिए पुलिस को घटना की सूचना दी।

खून से लथपथ मिला युवक

पुलिस के मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और घटना से जुड़े सुराग जुटाने शुरू किए।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

हत्या की वजह पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक का आरोपियों से कोई पुराना विवाद था या नहीं।

पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

संबंधित पोस्ट