मुंबई: बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने घुटने की सर्जरी के बाद पहली बार सोशल मीडिया के जरिए अपना हेल्थ अपडेट दिया है। शूटिंग के दौरान घायल हुए कार्तिक फिलहाल घर पर आराम कर रहे हैं और रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं। अभिनेता ने हॉस्पिटल से अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो फैंस के साथ शेयर किए हैं।
नी ब्रेस के साथ नजर आए कार्तिक
कार्तिक आर्यन ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। एक तस्वीर में उनके घायल पैर पर नी ब्रेस लगी दिखाई दे रही है। वहीं, एक अन्य तस्वीर पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘Foot Out of Service’।
पोस्ट में मुंबई के अस्पताल की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर भी शामिल है, जिसमें कार्तिक अस्पताल के बेड पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके बाएं हाथ में IV कैनुला भी लगी हुई दिखाई दी।
इसके अलावा पोस्ट में कार्तिक की फिल्म की तैयारी के दौरान दौड़ने और कड़ी ट्रेनिंग करने की पुरानी झलकियां भी शामिल थीं।
‘कबीर सर ने कहा था- ब्रेक अ लेग’
कार्तिक ने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कबीर सर ने कहा था- ब्रेक अ लेग।” उन्होंने कबीर खान की इस बात को अपनी चोट से जोड़ते हुए इसे मजाकिया अंदाज में पेश किया।
कार्तिक की इस पोस्ट के बाद फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
एक्शन सीन के दौरान हुए थे घायल
कार्तिक आर्यन 18 अगस्त को कबीर खान की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान एक मुश्किल एक्शन सीन करते समय घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि हादसा फिल्म की शूटिंग के आखिरी चरण में हुआ।
इसके बाद उन्हें मुंबई के माहिम स्थित फोर्टिस राहेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके घुटने की सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद अब कार्तिक घर लौट चुके हैं और डॉक्टरों की निगरानी में रिकवरी कर रहे हैं।
कबीर खान के साथ दूसरी फिल्म
कार्तिक की यह अनटाइटल्ड फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के बाद कबीर खान के साथ उनकी दूसरी फिल्म है। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जो एक स्पोर्ट्स जर्नी से प्रेरित बताई जा रही है।
इस फिल्म में कार्तिक एक किकबॉक्सिंग कोच का किरदार निभा रहे हैं, जो कश्मीर की एक युवा लड़की को ट्रेनिंग देता है। खास बात यह है कि इस फिल्म के साथ कार्तिक अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बतौर प्रोड्यूसर भी नई पारी शुरू कर रहे हैं।
फिलहाल अभिनेता का पूरा ध्यान चोट से उबरने पर है। उम्मीद है कि रिकवरी पूरी होने के बाद वह जल्द ही फिल्म के सेट पर वापसी करेंगे।
‘नागजिला’ में भी नजर आएंगे कार्तिक
वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन आने वाले समय में फिल्म ‘नागजिला’ में भी नजर आएंगे। फिल्म को लेकर उनके फैंस के बीच काफी उत्सुकता है।
