पाकिस्तान में अगले साल होंगे साउथ एशियन गेम्स, भारत की भागीदारी पर सस्पेंस

पाकिस्तान में अगले साल होंगे साउथ एशियन गेम्स, भारत की भागीदारी पर सस्पेंस

इस्लामाबाद: पाकिस्तान अगले साल 3 से 11 अप्रैल तक साउथ एशियन गेम्स की मेजबानी करेगा। साउथ एशिया ओलंपिक काउंसिल की रविवार को हुई एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया। पाकिस्तान इससे पहले 2004 में इस्लामाबाद में साउथ एशियन गेम्स की मेजबानी कर चुका है। करीब 23 साल बाद एक बार फिर पाकिस्तान में इस बड़े क्षेत्रीय खेल आयोजन का आयोजन होगा।

इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में होंगे मुकाबले

साउथ एशियन ओलंपिक कमेटी के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन (POA) के अध्यक्ष आरिफ सईद की अध्यक्षता में हुई बैठक में गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान तीन मेजबान शहरों—इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर—को मंजूरी दी गई।

बैठक में बांग्लादेश, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए, जबकि भारत के प्रतिनिधि ने वीडियो लिंक के जरिए बैठक में हिस्सा लिया।

28 खेलों में होंगे 346 मेडल इवेंट्स

साउथ एशियन गेम्स में इस बार 28 खेलों को शामिल किया जाएगा। इनमें कुल 346 मेडल इवेंट्स होंगे। आयोजकों को तीनों शहरों में 3,200 से ज्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

इसके अलावा बड़ी संख्या में तकनीकी अधिकारियों और अन्य विदेशी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। पाकिस्तान करीब 4,000 एथलीटों और विदेशी मेहमानों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

पाकिस्तानी सरकार ने POA और संबंधित अधिकारियों को गेम्स आयोजित करने की मंजूरी दे दी है। साथ ही आयोजन के लिए जरूरी फंड जारी करने की भी घोषणा की गई है।

2021 में होना था आयोजन

पाकिस्तान को पहले 2021 में साउथ एशियन गेम्स की मेजबानी करनी थी, लेकिन अलग-अलग कारणों से आयोजन को टाल दिया गया था। अब पाकिस्तान का दावा है कि गेम्स की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’ के मुताबिक, शहबाज शरीफ सरकार अगले साल इस्लामाबाद में होने वाले तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों—साउथ एशियन गेम्स, SCO कॉन्फ्रेंस और OIC बैठक—को सफल बनाने के लिए तैयारियों पर विशेष ध्यान दे रही है।

भारत की भागीदारी को लेकर सस्पेंस

साउथ एशियन गेम्स में भारत की भागीदारी को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पाकिस्तानी अधिकारी के मुताबिक, भारत के प्रतिनिधि ने बैठक में वीडियो लिंक के जरिए हिस्सा लिया और गेम्स की तारीखों पर सहमति जताई। इससे पाकिस्तान में भारत के गेम्स में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

हालांकि, एक अन्य सूत्र ने स्पष्ट किया कि भारत की भागीदारी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अगले साल पाकिस्तान में होने वाले साउथ एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ियों के शामिल होने को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

संबंधित पोस्ट