Weather Update: देशभर में मानसून का असर तेज होता जा रहा है। लगातार हो रही बारिश ने कई राज्यों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जबकि मैदानी राज्यों में भी मौसम ने करवट ले ली है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा पर भी असर पड़ा है।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। हालांकि बारिश के बाद भी उमस बनी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
