मुंबई: मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय की कैंटीन में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कैंटीन में परोसे गए छाछ के एक गिलास में मक्खी मिलने की शिकायत के बाद फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैंटीन को सील करने के आदेश जारी कर दिए।
जानकारी के अनुसार, शिकायत सामने आते ही FDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच के बाद बीएमसी मुख्यालय के भीतर संचालित कैंटीन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
इस मामले में BMC के स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए कैंटीन संचालक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना के बाद सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
