ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। एक ब्लाइंड रैंकिंग गेम के दौरान हीली ने क्रिकेट के पांच दिग्गज गेंदबाजों को अपनी पसंद के मुताबिक रैंक किया। इस लिस्ट में उनके पति और ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी शामिल थे।
खास बात यह रही कि हीली ने स्टार्क को पांचों गेंदबाजों में आखिरी यानी पांचवें नंबर पर रखा। वहीं भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उन्होंने तीसरे स्थान पर जगह दी।
शेन वॉर्न को मिला पहला स्थान
ब्लाइंड रैंकिंग गेम में हीली को पहले से पता नहीं था कि अगला नाम किस खिलाड़ी का होगा। सबसे पहले महान ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्नका नाम सामने आया। हीली ने बिना किसी झिझक के उन्हें नंबर-1 पर रख दिया।
इसके बाद जसप्रीत बुमराह का नाम आया और उन्हें तीसरा स्थान मिला।
फिर मिचेल स्टार्क का नाम सामने आया। अपने पति का नाम सुनते ही हीली ने उन्हें पांचवें और आखिरी पायदान पर रख दिया। इसके बाद ग्लेन मैकग्रा को चौथा और पैट कमिंस को दूसरा स्थान मिला।
एलिसा हीली की अंतिम रैंकिंग
- शेन वॉर्न
- पैट कमिंस
- जसप्रीत बुमराह
- ग्लेन मैकग्रा
- मिचेल स्टार्क
स्टार्क ने भी दिया मजेदार जवाब
रैंकिंग पूरी होने के बाद एलिसा हीली को एहसास हुआ कि उन्होंने शायद अपने पति को आखिरी स्थान देकर मुश्किल स्थिति पैदा कर दी है। हालांकि, उन्होंने अपने फैसले को लेकर ज्यादा चिंता नहीं जताई।
मिचेल स्टार्क ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मजेदार अंदाज में लिखा, “कोई चिंता नहीं।” स्टार्क के इस जवाब ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा को और मजेदार बना दिया।
उसी दौरान स्टार्क ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि जिस समय हीली का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, उसी दौरान मिचेल स्टार्क मैदान पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहे थे।
बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन स्टार्क ने शादमान इस्लाम को आउट किया। इस विकेट के साथ उनके टेस्ट विकेटों की संख्या 434 हो गई।
स्टार्क ने इस मामले में श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर रंगना हेराथ को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 433 विकेट लिए थे। इसके साथ ही स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए।
मार्च 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
एलिसा हीली ने मार्च 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 162 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 3,054 रन और 126 वनडे मैचों में 3,777 रन बनाए।
टेस्ट क्रिकेट के 11 मुकाबलों में उनके नाम 502 रन हैं। हीली ऑस्ट्रेलिया की छह टी20 वर्ल्ड कप और दो महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों का हिस्सा भी रही हैं।
उन्हें दो बार ICC T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिल चुका है।
एलिसा हीली का पति मिचेल स्टार्क को ब्लाइंड रैंकिंग में पांचवें स्थान पर रखना भले ही सोशल मीडिया पर मजाक का विषय बन गया हो, लेकिन उसी दौरान स्टार्क ने मैदान पर रिकॉर्ड बनाकर अपनी शानदार गेंदबाजी का एक और सबूत पेश कर दिया।
