बिहार: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत तक पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव और अन्य विधायक वेल में पहुंचकर विरोध जताने लगे। इसके बाद महागठबंधन के विधायक भी वेल में उतर आए, जिससे सदन में जमकर हंगामा हुआ।
स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा के मार्शलों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को अलग कर माहौल शांत कराया। लगातार हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
फिलहाल, हंगामे के कारणों को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है और सत्ता पक्ष व विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
