नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब सऊदी अरब भी खुलकर अमेरिका के साथ खड़ा नजर आ रहा है। मंगलवार (28 जुलाई) को अमेरिका और सऊदी अरब की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में इराक में ईरान समर्थित ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की गई।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (USCENTCOM) ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि 28 जुलाई को अमेरिकी और सऊदी सेनाओं ने इराक में ईरान समर्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए।
यूएस सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि इन ठिकानों से जुड़े आतंकियों को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा अमेरिकी सैन्य बलों और सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे (Energy Infrastructure) पर हमले करने के निर्देश दिए गए थे। इसी आधार पर संयुक्त सैन्य अभियान चलाया गया।
हालांकि, इस कार्रवाई में हुए नुकसान, हताहतों या इराक और ईरान की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और इस घटनाक्रम पर दुनिया भर की नजर बनी हुई है।
