तमिलनाडु: तमिलनाडुके सलेम जिले से साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर ठग ने खुद को तहसीलदार बताकर गांव की महिलाओं को सरकारी योजना और नई संक्रामक बीमारी का डर दिखाया। ठग ने दावा किया कि सिर मुंडवाने पर न केवल बीमारी से बचाव होगा, बल्कि सरकार की ओर से 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी मिलेगी।
मामला सलेम जिले के अत्तूर के पास स्थित पुथुकोम्पट्टी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात एक महिला के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अत्तूर तहसील कार्यालय का अधिकारी बताया और महिला के साथ-साथ उसके परिवार के सदस्यों की जानकारी भी साझा की, जिससे उसे भरोसा हो गया कि कॉल सरकारी अधिकारी की है।
इसके बाद ठग ने दावा किया कि कोरोना जैसी एक नई बीमारी बालों के माध्यम से फैल रही है और इससे बचने के लिए सिर मुंडवाना जरूरी है। साथ ही उसने यह भी कहा कि तमिलनाडु सरकार सिर मुंडवाने वाली महिलाओं को 15 हजार रुपये की सहायता दे रही है।
ठग की बातों में आकर गांव की तीन महिलाओं ने अपने सिर के बाल मुंडवा दिए। बाद में उन्हें पता चला कि ऐसी कोई सरकारी योजना मौजूद नहीं है और न ही फोन करने वाला कोई सरकारी अधिकारी था। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठग की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना की जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही सत्यापित करें और फोन पर मिलने वाले ऐसे झूठे दावों पर भरोसा न करें।
