सलमान खान ने बेचा बांद्रा का आलीशान अपार्टमेंट

सलमान खान ने बेचा बांद्रा का आलीशान अपार्टमेंट

Spread the love

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपनी प्रॉपर्टी डील को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित अपना अपार्टमेंट ₹3.5 करोड़ में बेच दिया है। यह डील ऐसे समय में सामने आई है, जब सलमान खान अपने नए सी-फेसिंग आलीशान घर के निर्माण को लेकर चर्चा में हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान ने इस फ्लैट को साल 2015 में ₹2.88 करोड़ में खरीदा था। अब इसे मुनाफे के साथ बेच दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह अपार्टमेंट शिव अस्थान नामक इमारत में स्थित है।

जुलाई में हुई रजिस्ट्री

CRE Matrix और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लैट की बिक्री से जुड़ी डील 9 जुलाई 2026 को रजिस्टर्ड हुई, जबकि 13 जुलाई को बिक्री की प्रक्रिया पूरी हुई। इस डील के लिए ₹21 लाख की स्टाम्प ड्यूटी और ₹30,000 रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया गया।

यह अपार्टमेंट 758 वर्ग फुट क्षेत्रफल का है, जिसमें दो कार पार्किंग भी शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 जुलाई को प्रॉपर्टी खरीदार के नाम ट्रांसफर कर दी गई।

पिछले साल भी बेची थी एक और प्रॉपर्टी

यह पिछले एक वर्ष में सलमान खान की दूसरी बड़ी प्रॉपर्टी डील है। इससे पहले जुलाई 2025 में उन्होंने बांद्रा वेस्ट स्थित 1,318 वर्ग फुट का एक अपार्टमेंट ₹5.35 करोड़ में बेचा था।

नए सी-फेसिंग घर का निर्माण जारी

हाल ही में सलमान खान को महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से नए रिहायशी टॉवर के निर्माण की मंजूरी मिली है। यह प्रस्तावित सी-फेसिंग प्रोजेक्ट गैलेक्सी अपार्टमेंट से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। सलमान खान वर्ष 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं।

प्रोफेशनल फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का पहले नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’था, जिसे बाद में बदल दिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंटेंट में बदलाव के चलते फिल्म की रिलीज डेट भी फिलहाल आगे बढ़ा दी गई है।

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *