CJP मार्च में घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजन आए सामने

CJP मार्च में घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजन आए सामने

Spread the love

नई दिल्ली: CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिस के जवानों और अधिकारियों के परिजनों ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात मीडिया के सामने रखी। परिजनों ने कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी की वर्दी के पीछे केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार होता है, जो हर दिन उसकी सुरक्षित घर वापसी का इंतजार करता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिजनों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों से बातचीत के आधार पर एक वीडियो भी तैयार किया गया, जिसे मीडिया के सामने प्रस्तुत किया गया। उनका कहना था कि प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए और उनके परिवारों को भी मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा।

घायल ASI की पत्नी सीमा ने बताया कि उनके पति की ड्यूटी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान लगी थी। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को पति से बात हुई थी, जिन्होंने बताया था कि मौके पर काफी भीड़ है। शाम करीब 7 बजे जब उन्होंने दोबारा फोन किया तो पता चला कि उनके पति LNJP अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उनके अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा के लिए दिया गया हेलमेट भी हमले में टूट गया था।

घायल पुलिसकर्मी की बेटी कुंदन ने कहा कि उनके पिता 25 जुलाई को जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि उनके सहकर्मी उन्हें घायल अवस्था में घर लेकर आए और उनकी पूरी वर्दी खून से लाल थी। उनके पिता के सिर पर चार टांके लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता को “क्रिमिनल” कहे जाने से परिवार को काफी दुख पहुंचा।

परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पुलिसकर्मी भी आम लोगों की तरह परिवार का हिस्सा होते हैं और ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

संबंधित पोस्ट