रायबरेली में सनसनी: पत्नी ने पति के साथ मिलकर कथित प्रेमी की हत्या, घर में दफनाया शव

रायबरेली में सनसनी: पत्नी ने पति के साथ मिलकर कथित प्रेमी की हत्या, घर में दफनाया शव

Spread the love

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने कथित प्रेमी की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया। कई दिनों बाद घर से बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, मामला डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे रज्जू मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी गांव का है। बताया जा रहा है कि महिला रीता का अपने मायके के रहने वाले अमित नामक युवक से कथित प्रेम संबंध था। इसी दौरान किसी बात को लेकर अमित और महिला के पति राम प्रकाश के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद रीता और उसके पति ने मिलकर अमित की हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही दफना दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब कई दिनों बाद घर से दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर खुदाई कर शव बरामद किया। पुलिस ने आरोपी महिला रीता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति राम प्रकाश फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

संबंधित पोस्ट