पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में रिटायर्ड सेना अधिकारी की पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-2 स्थित एक कोठी में घरेलू सहायिका पर अपनी मालकिन की हत्या करने और शव को पड़ोसी की छत पर छिपाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतका ने घर से गायब हुए सोने के गहनों को लेकर घरेलू सहायिका से पूछताछ की थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोप है कि घरेलू सहायिका ने महिला की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश करते हुए शव को पड़ोसी की छत पर रख दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
