श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर एक बार फिर इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग को लेकर धरना दिया। इस दौरान उनके हाथ में कथित तौर पर उल्टा तिरंगा दिखाई देने वाली एक तस्वीर सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने उन पर तीखा हमला बोला।
धरने के दौरान सामने आई तस्वीर को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 को दोबारा बहाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि महबूबा मुफ्ती हमेशा आतंकियों का समर्थन करती रही हैं। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि जब वह भाजपा के साथ गठबंधन सरकार में थीं, तब उन्हें सही दिशा में लाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वे नहीं बदलीं।
‘5 अगस्त देश के इतिहास का ऐतिहासिक दिन’
गिरिराज सिंह ने कहा कि 5 अगस्त का दिन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है जितना 26 जनवरी और 15 अगस्त। उनके अनुसार, 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला देश की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं को पूरा करने वाला ऐतिहासिक कदम था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की महत्वपूर्ण भूमिका में यह फैसला लिया गया और अब देश ‘एक निशान, एक प्रधान और एक विधान’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है।
गौरव भाटिया ने भी साधा निशाना
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 5 अगस्त हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि इसी दिन सात वर्ष पहले अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले ने जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह भारतीय संविधान के दायरे में लाने का काम किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
