नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 अगस्त को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
आईएमडी ने बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय और असम समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली में अगले 6 दिन बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 5 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में दो से तीन बार बारिश हो सकती है और 10 अगस्त तक मौसम इसी तरह बना रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में 5 से 10 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में भी 5 से 7 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत और बुलंदशहर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और बंगाल में भी अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में 6 से 8 अगस्त के बीच इंदौर, उज्जैन, भोपाल और मंडला सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 5 से 8 अगस्त तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। वहीं झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी 5 से 8 अगस्त के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
