मायावती का बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा BSP से निष्कासित

मायावती का बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा BSP से निष्कासित

Spread the love

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने पार्टी के भीतर बड़ा कदम उठाया है। बसपा सुप्रीमो ने अपनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित करने का ऐलान किया है। मायावती ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

इससे पहले मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। अब अनंत कुमार मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई को लेकर यूपी की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मायावती ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अनंत कुमार मिश्रा के निष्कासन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश की BSP सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सतर्क रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल गरमाने के बीच पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के विभिन्न राजनीतिक हथकंडों से सावधान रहना चाहिए।

‘अंबेडकरवादी मिशन को सफल बनाने में जुटें कार्यकर्ता’

मायावती ने अपने संदेश में BSP कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा चुनाव में सफल बनाने के लिए काम करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को विरोधियों के ‘साम, दाम, दंड, भेद’ जैसे हथकंडों से सतर्क रहना होगा।

सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी माने जाते हैं अंटू मिश्रा

अनंत कुमार मिश्रा को BSP के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा का करीबी माना जाता रहा है। मायावती की सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

सियासी हलकों में यह भी चर्चा है कि अनंत कुमार मिश्रा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने की संभावनाएं तलाश रहे थे। हालांकि, उनके किसी अन्य पार्टी में जाने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

चुनाव से पहले BSP में लगातार संगठनात्मक बदलाव

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मायावती पार्टी संगठन को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाती नजर आ रही हैं। हाल के दिनों में पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के बाद BSP की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक बदलाव चर्चा का विषय बने हुए हैं।

अब अनंत कुमार मिश्रा के निष्कासन के बाद यह देखना अहम होगा कि वह आगे किस राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाते हैं और BSP का यह फैसला 2027 के चुनावी समीकरण पर कितना असर डालता है।

संबंधित पोस्ट