श्रीनगर: मुंबई से श्रीनगर पहुंची IndiGo की फ्लाइट 6E 225 लैंडिंग के बाद हादसे का शिकार हो गई। विमान पार्किंग बे की ओर जा रहा था, इसी दौरान कथित तौर पर ब्रेक सिस्टम में खराबी आने के कारण विमान रुक नहीं पाया और पार्किंग बे में लगे पोल/VDGS सिस्टम से टकरा गया।
टक्कर के चलते विमान के आगे के हिस्से यानी नोज सेक्शन को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मैनुअल सीढ़ियों से उतारे गए यात्री
हादसे के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाला गया। विमान को हुए नुकसान के चलते फिलहाल उसे उड़ान भरने से रोक दिया गया है।
जांच के बाद सामने आएगा हादसे का सही कारण
घटना की पूरी जानकारी और इससे जुड़ी परिस्थितियों को जुटाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों द्वारा तय प्रक्रियाओं के तहत मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी भी संभावित कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है।
श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य बताया गया है। एयरपोर्ट पर विमानों का आना-जाना निर्धारित समय के अनुसार जारी है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और सभी संबंधित हितधारकों के लिए सुरक्षित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
