मुंबई: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार भोजपुरी एक्ट्रेस स्मृति सिन्हा के एक वायरल वीडियो क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। क्लिप में स्मृति सिन्हा ने किसी का नाम लिए बिना भोजपुरी इंडस्ट्री के कुछ कलाकारों को लेकर गंभीर दावे किए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स और कुछ यूट्यूबर्स इन बयानों को पवन सिंह से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, एक्ट्रेस ने अपने बयान में पवन सिंह का नाम नहीं लिया है।
स्मृति सिन्हा का वीडियो क्लिप हुआ वायरल
दरअसल, स्मृति सिन्हा हाल ही में ‘द अभय एंटरटेनमेंट’ के पॉडकास्ट में शामिल हुई थीं। इस बातचीत का पूरा एपिसोड फिलहाल स्ट्रीम नहीं हुआ है, लेकिन इंटरव्यू की एक छोटी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
वायरल क्लिप में स्मृति सिन्हा भोजपुरी इंडस्ट्री के कुछ कलाकारों को लेकर टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्टार महीने के ज्यादातर दिन शराब के नशे में रहते हैं और महिलाओं को लेकर उनका नजरिया भी ठीक नहीं है।
नॉर्थ के कलाकार भोजपुरी इंडस्ट्री में क्यों नहीं आना चाहते?
इंटरव्यू के दौरान जब स्मृति सिन्हा से पूछा गया कि नॉर्थ के कलाकार भोजपुरी इंडस्ट्री को अपनी पहली पसंद क्यों नहीं मानते, तो उन्होंने इंडस्ट्री की छवि और कलाकारों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए।
एक्ट्रेस ने कहा कि अगर भोजपुरी इंडस्ट्री में दूसरे कलाकारों का स्वागत करना है तो पहले इंडस्ट्री से जुड़ी कुछ चीजों पर ध्यान देना होगा। उनके मुताबिक, बाहर से लोग जब भोजपुरी इंडस्ट्री को देखते हैं तो उन्हें कुछ ऐसी चीजें नजर आती हैं, जिनकी वजह से इंडस्ट्री की छवि प्रभावित होती है।
स्मृति ने कलाकारों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि जब कोई कलाकार इंडस्ट्री का प्रतिनिधित्व करता है, तो उसे अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए।
पवन सिंह के फैंस ने किया ट्रोल
स्मृति सिन्हा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर पवन सिंह के फैंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। हालांकि, वायरल क्लिप में एक्ट्रेस ने किसी कलाकार का नाम नहीं लिया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनके बयान को पवन सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और यूट्यूबर्स ने सवाल उठाया कि क्या स्मृति सिन्हा का इशारा पवन सिंह की तरफ था। वहीं, कुछ लोगों ने इसे लेकर दावा किया कि काम नहीं मिलने की वजह से पवन सिंह को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
स्मृति सिन्हा ने अब तक नहीं बताया किसके लिए था बयान
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि स्मृति सिन्हा ने अपने इंटरव्यू में ये बातें किस कलाकार के संदर्भ में कही थीं। एक्ट्रेस की ओर से भी ऐसा कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, जिसमें उन्होंने पवन सिंह का नाम लेकर इन आरोपों को जोड़ा हो। ऐसे में वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पवन सिंह और स्मृति सिन्हा के रिश्ते की भी रही चर्चा
पवन सिंह और स्मृति सिन्हा एक समय अच्छे दोस्त माने जाते थे। दोनों के बीच अफेयर की खबरें भी मीडिया में चर्चा का विषय रही हैं। यहां तक कि स्मृति सिन्हा पर पवन सिंह का घर तोड़ने जैसे आरोप भी लगाए गए थे।
साल 2022 में दोनों ‘साड़ी से ताड़ी’ नाम के वीडियो सॉन्ग में साथ नजर आए थे। इसके बाद दोनों के लिंकअप की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
उस समय स्मृति सिन्हा ने न्यूज18 हिंदी से बातचीत में अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि पवन सिंह का तलाक 2020 से चल रहा था, जबकि उन्होंने उनके साथ 2022 में काम करना शुरू किया था। इसलिए उन पर लगाए गए आरोपों का कोई आधार नहीं है।
अफेयर की खबरों पर स्मृति ने कहा था कि पवन सिंह की कुछ खूबियां उन्हें दूसरे लोगों से अलग करती हैं और उनके साथ काम करने का मतलब यह नहीं है कि दोनों के रिश्ते को लेकर कोई भी कुछ भी कहे।
‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आ रहे हैं पवन सिंह
वर्कफ्रंट की बात करें तो पवन सिंह इन दिनों ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आ रहे हैं। इस शो में अभिनेत्री काजल राघवानी ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। काजल ने दावा किया था कि एक्टर ने फिल्म में उनके साथ जबरन किसिंग सीन करवाया था।
हालांकि, स्मृति सिन्हा के वायरल बयान और इसे पवन सिंह से जोड़ने वाली चर्चाओं को लेकर अभी तक एक्ट्रेस की ओर से कोई स्पष्ट सफाई सामने नहीं आई है।
