मुंबई: टेलीविजन के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘बिग बॉस 20’ का ऐलान कर दिया है। एक बार फिर सलमान खान शो को होस्ट करते नजर आएंगे। साथ ही शो का पहला प्रोमो भी जारी कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच नए सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
6 सितंबर से होगा ग्रैंड प्रीमियर
मेकर्स के अनुसार, ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। यह शो कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन दर्शक इसे JioHotstar पर स्ट्रीम कर सकेंगे। इस बार भी शो में नए ट्विस्ट, रोमांचक टास्क और दमदार कंटेस्टेंट्स देखने को मिलेंगे।
प्रोमो में सलमान खान ने दिया बड़ा हिंट
शो के पहले प्रोमो में सलमान खान घोड़े के साथ दमदार अंदाज में एंट्री करते दिखाई देते हैं। प्रोमो में वह कहते हैं, “जो ‘करण अर्जुन’ में हुआ था, वो अब ‘बिग बॉस’ में होगा… तथास्तु टू।”
वहीं, मेकर्स ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “एक से भले दो।” इसके बाद से सोशल मीडिया पर शो के नए ट्विस्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सलमान खान ने क्या कहा?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान ने कहा कि हर सीजन नए खेल और नए ट्विस्ट लेकर आता है, लेकिन इस बार कुछ ऐसा होगा जो इसे अब तक के सभी सीजन से अलग बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रोमो में पहला हिंट पहले ही दिया जा चुका है और दर्शकों को उसे ध्यान से देखने की जरूरत है।
क्या लौटेंगे पुराने कंटेस्टेंट?
काफी समय से ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि ‘बिग बॉस 20’ में पुराने कंटेस्टेंट्स की वापसी हो सकती है। प्रोमो में फिल्म ‘करण अर्जुन’ का जिक्र होने के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। हालांकि, शो के मेकर्स ने अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सलमान खान की अपकमिंग फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आएंगे। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म वर्ष 2020 की गलवान घाटी की घटना पर आधारित बताई गई है, जिसमें सलमान कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभाएंगे।
इसके अलावा सलमान खान निर्देशक वामशी पैदिपल्ली की फिल्म ‘SVC63’ की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। इस हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म में नयनतारा भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म के निर्माता दिल राजू हैं और इसे ईद 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
