गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार देर शाम ब्रह्मभोज के दौरान करीब 50 वर्षीय बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने परिवार की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शिवकुमार तिवारी गांव में छेदी चौधरी की मृत्यु के बाद आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। इसी दौरान कतार में बैठकर भोज करने के समय पीछे से उन पर सब्बल से हमला किया गया।
पहले सिर पर सब्बल से हमला
बताया जा रहा है कि आरोपी सब्बल को कपड़ों में छिपाकर भोज में पहुंचा था। कतार में बैठे शिवकुमार पर पीछे से सब्बल से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
परिजन उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जाने लगे। आरोप है कि गांव से कुछ दूरी पर हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने ऑटो को रोक लिया। इसके बाद शिवकुमार पर तलवार, बांके और चाकू से हमला किया गया।
हमले में उनके गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पेट पर भी चाकू से वार किया गया। गंभीर चोटों के कारण शिवकुमार की मौत हो गई।
शव पर धारदार हथियार के कई निशान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल और रास्ते में करीब 500 मीटर तक खून के निशान मिले हैं।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। गले पर गहरे घाव के अलावा हाथ की कुछ अंगुलियों पर भी चोट के निशान मिले हैं।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्रिकेट विवाद से जुड़ी रंजिश का शक
पुलिस और परिवार की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब डेढ़ साल पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि 2024 में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आदेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में शिवकुमार तिवारी को भी आरोपी बनाया गया था। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतक के बेटे हैं गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता
शिवकुमार तिवारी बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। परिवार का गोरखपुर शहर में महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक के पास गांधीनगर मोहल्ले में आवास बताया गया है।
7 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस
गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के मुताबिक, सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में शिवकुमार एक ब्रह्मभोज में गए थे। वहां किसी विवाद की बात सामने आई है और इसी दौरान मारपीट में उनकी मौत हुई।
मृतक के भाई रामकुमार त्रिपाठी ने 7 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
