चेन्नई: कोलकाता से चेन्नई जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E-723 के बाएं इंजन में लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी सामने आने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर Full Emergency घोषित कर दी गई। विमान में 224 लोग सवार थे और सभी यात्री एवं क्रू सुरक्षित हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पायलट की ओर से इंजन में खराबी की सूचना दिए जाने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे Full Emergency घोषित की गई। विमान ने रात 11:37 बजे रनवे 25 पर सुरक्षित लैंडिंग की।
फ्लाइट के सुरक्षित उतरने से पहले एयरपोर्ट पर सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और अन्य Emergency Services को तैयार रखा गया था।
IndiGo की इस फ्लाइट के चेन्नई पहुंचने का निर्धारित समय रात 11:30 बजे था। विमान ने 11:37 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर घोषित Full Emergency को रात 11:47 बजे आधिकारिक रूप से हटा लिया गया। चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, घटना के बाद एयरपोर्ट के सभी ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी रहे।
पहले भी सामने आ चुकी हैं तकनीकी दिक्कतें
IndiGo की उड़ानों में तकनीकी समस्या का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग उड़ानों में इंजन से जुड़ी समस्या और अन्य तकनीकी दिक्कतों के बाद विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई जा चुकी है।
मार्च 2026 में विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट 6E-579 में इंजन में खराबी की आशंका के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर Full Emergency घोषित की गई थी। विमान को सुरक्षा इंतजामों के बीच सुरक्षित उतारा गया था।
वहीं, जुलाई 2025 में पटना से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E-509 को उड़ान के दौरान Bird Hit का सामना करना पड़ा था। इसके बाद विमान में तकनीकी समस्या की जानकारी सामने आई और फ्लाइट को पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया था।
