मानसून में मेकअप को रखें लंबे समय तक फ्रेश, अपनाएं ये आसान टिप्स

मानसून में मेकअप को रखें लंबे समय तक फ्रेश, अपनाएं ये आसान टिप्स

Spread the love

नई दिल्ली: बारिश के मौसम में बढ़ी हुई नमी और उमस का असर त्वचा के साथ-साथ मेकअप पर भी दिखाई देता है। उमस के कारण चेहरे पर पसीना और अतिरिक्त ऑयल आने लगता है, जिससे मेकअप जल्दी फैल सकता है और कुछ समय बाद पैची नजर आने लगता है। ऐसे में मानसून के दौरान मेकअप करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

अगर आप चाहती हैं कि बारिश और नमी के बीच भी आपका मेकअप लंबे समय तक फ्रेश और नेचुरल नजर आए, तो कुछ आसान टिप्स को अपनी मेकअप रूटीन में शामिल कर सकती हैं।

मेकअप से पहले चेहरे को करें साफ

मेकअप शुरू करने से पहले चेहरे को किसी हल्के फेसवॉश से अच्छी तरह साफ करें। इससे पसीना, धूल और चेहरे पर मौजूद अतिरिक्त ऑयल हटाने में मदद मिलेगी। इसके बाद अपनी स्किन टाइप के हिसाब से हल्का मॉइस्चराइजर लगाएं।

अगर दिन के समय मेकअप कर रही हैं, तो सनस्क्रीन लगाना भी न भूलें। कुछ देर बाद स्किन के अनुसार प्राइमर का इस्तेमाल करें। ऑयली स्किन के लिए मैटिफाइंग और ड्राई स्किन के लिए हाइड्रेटिंग प्राइमर बेहतर विकल्प हो सकता है।

हल्का बेस रखें

मानसून में चेहरे पर फाउंडेशन की मोटी लेयर लगाने से बचना चाहिए। ज्यादा नमी और पसीने के कारण भारी बेस जल्दी खराब हो सकता है।

इसके बजाय लाइटवेट फाउंडेशन, BB क्रीम या टिंटेड मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। जहां जरूरत हो, केवल उन्हीं हिस्सों पर कंसीलर लगाएं। इससे चेहरा ज्यादा नैचुरल नजर आएगा और मेकअप भी भारी नहीं लगेगा।

वाटरप्रूफ आई मेकअप चुनें

बारिश के मौसम में आंखों के मेकअप पर खास ध्यान देना चाहिए। मस्कारा और आईलाइनर के लिए वाटरप्रूफ या वॉटर-रेजिस्टेंट प्रोडक्ट्सचुनें। इससे बारिश या पसीने के कारण आंखों के आसपास मेकअप फैलने की संभावना कम हो सकती है।

पाउडर से करें मेकअप सेट

मेकअप पूरा करने के बाद हल्के ट्रांसलूसेंट पाउडर से इसे सेट करें। खासतौर पर माथे, नाक और ठुड्डी यानी टी-जोन पर पाउडर लगाने से अतिरिक्त ऑयल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।

मानसून में बहुत ज्यादा क्रीम बेस्ड प्रोडक्ट्स की जगह पाउडर ब्लश और पाउडर आईशैडो जैसे विकल्प भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

चेहरे को बार-बार न छुएं

उमस के कारण पसीना आना सामान्य है, लेकिन चेहरे को बार-बार हाथ से पोंछने या रगड़ने से मेकअप जल्दी हट सकता है। इसके बजाय टिश्यू या ब्लॉटिंग पेपर से हल्के हाथों से अतिरिक्त पसीना और ऑयल हटाएं।

बाहर जाते समय बैग में टिश्यू, ब्लॉटिंग पेपर और कॉम्पैक्ट पाउडर रखना उपयोगी हो सकता है। जरूरत पड़ने पर इनकी मदद से आसानी से टचअप किया जा सकता है। अंत में सेटिंग स्प्रे लगाने से भी मेकअप को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

रात में मेकअप हटाना जरूरी

दिनभर मेकअप लगाने के बाद रात में इसे अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। सबसे पहले मेकअप रिमूवर या माइसेलर वॉटर से मेकअप हटाएं और फिर हल्के फेसवॉश से चेहरा धो लें।

इसके बाद अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। मेकअप लगाकर सोने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा पर प्रोडक्ट और गंदगी जमा हो सकती है। साफ चेहरा रखकर सोना त्वचा की देखभाल के लिए बेहतर माना जाता है।

संबंधित पोस्ट