नई दिल्ली: भारत की आर्थिक विकास दर (GDP Growth) के 7.8 प्रतिशत रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर इसे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए उत्साहजनक बताया। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के इस बयान पर निशाना साधते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं।
खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि देश GDP ग्रोथ का जश्न मना रहा है, लेकिन आम आदमी के पास जश्न मनाने की सुविधा नहीं है।
‘लाइट्स, कैमरा और… कोई काम नहीं’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘लाइट्स, कैमरा और… कोई काम नहीं। इकोनॉमी के मामले में मोदी जी के PR (पब्लिसिटी) की कहानी कुछ ऐसी ही है।’
उन्होंने कहा कि सरकार GDP ग्रोथ को लेकर उत्सव की बात कर रही है, लेकिन आम लोगों की आर्थिक स्थिति अलग तस्वीर दिखा रही है।
महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
खरगे ने दावा किया कि रिटेल महंगाई 19 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर है। उन्होंने कहा कि चीनी, प्याज, टमाटर, दाल, खाना पकाने का तेल, चावल और दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ी हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पेट्रोल, डीजल, LPG और CNG की बढ़ती कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मिडिल क्लास परिवार किसी तरह गुजारा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि गरीबों ने उम्मीद छोड़ दी है।
‘असमानता ब्रिटिश शासन से भी बदतर’
मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में आर्थिक असमानता को लेकर भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भारत की कुल संपत्ति का 40 फीसदी हिस्सा सबसे अमीर 1 फीसदी लोगों के पास है, जबकि निचले 50 फीसदी लोगों के पास केवल 15 फीसदी संपत्ति है।
खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार ने आजाद भारत के इतिहास में गरीबों से अमीरों की ओर संपत्ति के सबसे बड़े ट्रांसफर को बढ़ावा दिया है। उन्होंने इसे ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ बताते हुए सरकार की आर्थिक नीति पर सवाल उठाए।
कॉर्पोरेट लोन माफी का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि 2014 से अब तक 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कॉर्पोरेट लोन माफ किए गए हैं। उन्होंने हाल ही के एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि 22,006 करोड़ रुपये के माने गए दावों के बदले लेनदारों को सिर्फ 6.5 करोड़ रुपये मिले, यानी 99.97 फीसदी का ‘हेयरकट’ हुआ।
‘लोगों को सोना न खरीदने की नसीहत देते हैं’
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश ने देखा है कि प्रधानमंत्री अपने एक खास दोस्त के लिए ‘पर्सनल ट्रैवल एजेंट’ की तरह काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीयों को सोना न खरीदने और विदेश यात्रा न करने की बार-बार दी जाने वाली नसीहतें जमीनी हकीकत से अलग हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि GDP ग्रोथ के आंकड़ों के बावजूद आम लोगों की आर्थिक परेशानियां कम नहीं हुई हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष के इन आरोपों पर अब बीजेपी की प्रतिक्रिया का इंतजार है। GDP ग्रोथ और महंगाई को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
