नेपाल बाढ़ को लेकर खरगे ने PM मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, 320 भारतीयों से संपर्क नहीं

नेपाल बाढ़ को लेकर खरगे ने PM मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, 320 भारतीयों से संपर्क नहीं

नई दिल्ली: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जल्द भारत वापसी को लेकर चिंता जताई है।

खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में नेपाल में बाढ़ से हुए भारी जान-माल के नुकसान पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बाढ़ में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 1,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हजारों प्रभावित लोगों को भोजन, दवा, आश्रय और अन्य जरूरी सहायता की तत्काल जरूरत है।

नेपाल सरकार के साथ मिलकर राहत पहुंचाने की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि भारत सरकार नेपाल सरकार के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं

खरगे ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने पत्र में कहा कि विदेश मंत्रालय से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, करीब 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से संबंधित अधिकारियों को बचाव और लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज करने के निर्देश देने की अपील की। साथ ही नेपाल से भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षित एवं जल्द भारत वापसी के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने का अनुरोध किया।

भारत बढ़ा रहा मदद का दायरा

नेपाल में बाढ़ और तबाही के बाद भारत की ओर से राहत एवं बचाव के प्रयास जारी हैं। इसी बीच खरगे ने सरकार से नेपाल में प्रभावित लोगों के साथ-साथ वहां फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए और तेजी से कदम उठाने की मांग की है।

संबंधित पोस्ट